बिहार विधानसभा चुनाव : प्रशांत किशोर ने कानून-व्यवस्था को लेकर नीतीश सरकार साधा निशाना

Share

विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान राजगीर, हिलसा, नालंदा, बिहारशरीफ और अस्थावां विधानसभा क्षेत्रों में प्रशांत किशोर ने रोड शो किया। प्रशांत ने आज राजगीर से अपने भव्य रोड शो और जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की। राजगीर के कलाली मोड़ से शुरू हुआ रोड शो सिलाव बाइपास, नेपुरा मोड़ होते हुए नालंदा मोड़ तक पहुंचा। इसके बाद बेन बाजार में प्रशांत किशोर ने जनसंवाद किया और हिलसा, नूरसराय होते हुए बिहारशरीफ पहुंचे। यहां देवीसराय मोड़ से क्लॉक टावर, अतवारी बाजार होते हुए सोहसराय मोड़ तक रोड शो किया और स्थानीय उम्मीदवार दिनेश कुमार के लिए लोगों से समर्थन मांगा।

इससे पहले बिहारशरीफ में प्रशांत किशोर ने पत्रकारों से बात करते हुए राज्य में कानून-व्यवस्था के सवाल को लेकर नीतीश सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लालू यादव के जिस जंगलराज को हटाकर नीतीश कुमार की सरकार बनी थी, अब फिर से लगभग वैसा ही माहौल बन गया है। भले ही अब अपहरण-रंगदारी जैसा अपराध ज्यादा न हो रहा हो, लेकिन नीतीश सरकार में अधिकारियों का जंगलराज चल रहा है।

उन्होंने राजग के घोषणा पत्र पर कहा कि यह समय अब घोषणा करने का नहीं, 20 साल के शासन का हिसाब देने का है। नीतीश कुमार ने साल 2005 में जब बिहार की सत्ता संभाली थी, तब भी बिहार देश के सबसे पिछड़े राज्यों में था और आज उनके 20 साल के शासन के बाद भी देश के सबसे पिछड़े राज्यों में शामिल है। यही उनका रिपोर्ट कार्ड है।

प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार के शासन में नालंदा का विकास तो हुआ है, लेकिन हर विभाग में भ्रष्टाचार बढ़ गया है। उनकी उम्र बढ़ने का फायदा उठाकर कुछ लोग उनके नाम पर जनता को लूटने में लगे हुए हैं, लेकिन अब नीतीश सरकार से डरकर लालू यादव को वोट देने की जरूरत नहीं है। आपके सामने जन सुराज का विकल्प मौजूद है। अच्छे लोगों को चुनिए तभी आपका और आपके बच्चों का भला हो सकेगा।

प्रशांत किशोर के रोड शो के दौरान राजगीर के उम्मीदवार सत्येंद्र पासवान, हिलसा के उमेश वर्मा, नालंदा में कुमारी पूनम सिन्हा, बिहारशरीफ में दिनेश कुमार और अस्थावां में लता सिन्हा मौजूद रहीं। कई जगह प्रशांत किशोर और जन सुराज उम्मीदवारों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया।

——–

body{font-family:Arial,sans-serif;font-size:10pt;}.cf0{font-family:Nirmala UI,sans-serif;font-size:11pt;}