इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ ऐश्वर्या पिस्से विश्व रैली-रेड चैंपियनशिप में पोडियम फिनिश करने वाली पहली भारतीय और एशियाई महिला बन गई हैं। यह उनके शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा वर्ल्ड टाइटल है।
‘रैली डू मोरोक’ दुनिया की सबसे कठिन क्रॉस-कंट्री रैलियों में गिनी जाती है और इसे ‘डकार रैली’ से पहले की अंतिम और सबसे अहम परीक्षा माना जाता है। इस वर्ष की रैली में कुल 2,299 किमी की रेसिंग दूरी थी, जिसमें 1,478 किमी की स्पेशल स्टेज शामिल थीं। प्रतिभागियों को रेत के टीलों, पत्थरीले रास्तों और जटिल नेविगेशन जैसी कड़ी परिस्थितियों से होकर गुजरना पड़ा।
ऐश्वर्या ने रैली2 श्रेणी में भाग लेते हुए मुश्किल परिस्थितियों, तेज गर्मी और तकनीकी चुनौतियों का डटकर सामना किया और शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला वर्ग में शीर्ष स्थान हासिल किया।
ऐश्वर्या पिस्से ने अपनी ऐतिहासिक जीत पर कहा, “मोरक्को ने हर चीज़ की परीक्षा ली, स्किल, सहनशक्ति और जज़्बे की। इस रैली को पूरा करना और वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर जीतना मेरे लिए बहुत मायने रखता है। यह सालों की मेहनत, त्याग और विश्वास का नतीजा है। मुझे गर्व है कि मैं भारत और एशिया का झंडा इस मंच पर ऊँचा उठा पाई।”
इस उपलब्धि के साथ ऐश्वर्या अब तक की भारत की सबसे सफल महिला रेसर बन गई हैं। उनके नाम अब 4 वर्ल्ड टाइटल और 11 नेशनल चैंपियनशिप दर्ज हैं। उनकी यह सफलता डकार रैली 2026 की तैयारियों में भी एक अहम कदम है।
टीवीएस रेसिंग और अपने अन्य साझेदारों के समर्थन से एक प्राइवेटियर के रूप में भाग लेते हुए ऐश्वर्या ने पूरे सीजन में शानदार निरंतरता और पेशेवर प्रदर्शन दिखाया, जो उनके जज़्बे और भारत में उभरती मोटरस्पोर्ट प्रतिभा की ताकत को दर्शाता है।
———-