हिमाचल में दशहरे के बाद बिगड़ेगा मौसम, येलो अलर्ट जारी

Share

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 30 सितम्बर से 3 अक्तूबर तक प्रदेश भर में मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान धूप खिलने से दिन के समय गर्मी का अहसास होगा जबकि सुबह और शाम ठंड का असर बढ़ेगा। 2 अक्तूबर को दशहरा है और उस दिन भी मौसम साफ रहने का अनुमान है। लेकिन इसके बाद 4 अक्तूबर से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम बदल जाएगा।

विभाग का कहना है कि 4 अक्तूबर को मध्य व उच्च पर्वतीय इलाकों में बारिश होने की संभावना है। वहीं, 5 अक्तूबर को पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। इन दोनों दिनों के लिए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई स्थानों पर तेज अंधड़ चलने, बारिश होने और आसमानी बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। विभाग के अनुसार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चल सकता है। इस कारण लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।

यह पहली बार होगा जब मानसून की विदाई के बाद प्रदेश में खराब मौसम का अलर्ट जारी किया गया है।

गौरतलब है कि हिमाचल से मानसून की विदाई 26 सितम्बर को हुई थी। मानसून के हटते ही राज्यभर में दिन में धूप खिल रही है और लोग मौसम का आनंद ले रहे हैं।

सोमवार को भी प्रदेश में दिनभर धूप खिली रही, हालांकि राजधानी शिमला में धूप के साथ बादल भी छाए रहे। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सोमवार को हिमाचल का औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।

शिमला में अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सुंदरनगर में पारा 32.9 डिग्री तक पहुंच गया। भुंतर में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री, धर्मशाला में 30 डिग्री, ऊना में 35.8 डिग्री, सोलन में 30 डिग्री, मनाली में 26.5 डिग्री, धौलाकुआं में 32.4 डिग्री, हमीरपुर में 31.6 डिग्री और बिलासपुर में 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

मौसम विभाग ने कहा है कि मौसम में बदलाव के दौरान लोगों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए खुले में खड़े होने या पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचना चाहिए। तेज हवाओं और अंधड़ के कारण पेड़ गिरने या बिजली की तारों को नुकसान पहुंचने की भी आशंका रहती है।

प्रदेश में दशहरे तक मौसम साफ और सुहावना रहेगा लेकिन उसके बाद अचानक बारिश और अंधड़ से लोगों की दिक्कतें बढ़ सकती हैं। सेब बाहुल्य इलाकों में बागवानों के लिए भी यह चेतावनी अहम है क्योंकि इस समय सेब का सीजन अंतिम चरण में है और मौसम बिगड़ने से उनकी दिक्कतें बढ़ सकती हैं। विभाग ने साफ कहा है कि लोग मौसम को हल्के में न लें और जरूरी सावधानियां जरूर बरतें।