इस दौरान अररिया जिले की सभी पंचायतों में सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य गंदगी के छोटे-बड़े हिस्सों को साफ कर सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाना है। इसके अलावा, सफाईकर्मियों के लिए स्वास्थ्य जांच और बीमा जैसी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए शिविर भी लगाए जाएंगे, और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी। अभियान के दौरान पड़ने वाले नवरात्र पर्व को ‘क्लीन ग्रीन उत्सव’ के रूप में मनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। पूजा समितियों और आयोजकों से पूजा और मेला परिसर को प्लास्टिक मुक्त और साफ-सुथरा बनाने का अनुरोध किया गया है। उन्हें जूट, कपड़े या कागज से बने थैलों का उपयोग करने और स्वच्छता संदेशों के होर्डिंग्स लगाने की सलाह दी गई है। अभियान के तहत, सभी सरकारी और निजी कार्यालयों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों, धार्मिक स्थलों और बाजारों सहित सभी सार्वजनिक स्थानों की सफाई का विशेष अभियान चलाया जाएगा। साफ-सफाई की तस्वीरों को ‘स्वच्छता ही सेवा’ पोर्टल पर अपलोड करने का भी निर्देश दिया गया है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त रोजी कुमारी, अपर समाहर्ता अनिल कुमार झा, सिविल सर्जन, डी.आर.डी.ए. के निदेशक सौरव सिन्हा, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) कविता कुमारी, सांसद के अलावा जिला समन्वयक विनय कुमार झा और यशवंत कुमार सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।