बाल मेले के आयोजन को लेकर मंगलवार को बिष्टुपुर में सरयू राय की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में तय किया गया कि इस बार मेले में क्विज, डिबेट, खेलकूद के अलावा हर संध्या एक स्टेज शो का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बाल फिल्मों का प्रदर्शन, विज्ञान पर आधारित प्रदर्शनी और कठपुतली शो भी आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि इस बार जमशेदपुर शहर (पूर्वी और पश्चिमी) के साथ-साथ आसपास के इलाके के बच्चे, अभिभावक, शिक्षक-शिक्षिकाएं और शिक्षा जगत से जुड़े अन्य लोग भी बाल मेले में भाग लेंगे। इस संबंध में 24 सितंबर को एक और बैठक आयोजित की जाएगी। विजयादशमी के बाद बाल मेले के संचालन के लिए समिति का गठन किया जाएगा।
मेले के आयोजन स्थल को लेकर बताया गया कि यह बिष्टुपुर और साकची में आयोजित किया जा सकता है, हालांकि अंतिम निर्णय आगामी बैठक में लिया जाएगा। इस बार के मेले में बाल जगत से जुड़े कुछ प्रमुख कलाकार भी उपस्थित रहेंगे। इस वर्ष बाल दिवस का थीम हर बच्चे के लिए हर अधिकार रखा गया है और बाल मेला इसी थीम पर आयोजित होगा।
बैठक में सुधीर कुमार सिंह, मंजू सिंह, पवन सिंह, एसपी सिंह, अमृता मिश्रा, हेमंत पाठक, अनुपम सिंह, सुखदेव सिंह, बशीकुर्ररहमान, नारायण नायडू, सोमनाथ बनर्जी, राज सिंह, गोपाल कुमार, जगदीश कुमार और सुमित कुमार मौजूद थे।