ग्राम राजपुर कला में गोलीकांड, राजस्व निरीक्षक और लेखपाल निलम्बित

Share

उपजिलाधिकारी आंवला विदुषी सिंह ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब तीन बजे ग्राम राजपुर कला में भूमि विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने तूल पकड़ा और गोलीबारी शुरू हो गई। घटना में दोनों पक्षों के पाँच लोग घायल हो गए। घायलों में एक पक्ष से सुरेश पाल सिंह (60), वीरेश पाल (70) और अनूप (16) शामिल हैं, जबकि दूसरे पक्ष से अतुल (30) और राहुल (25) घायल हुए। सभी का उपचार अस्पताल में चल रहा है।

मामले की जांच में सामने आया कि ग्राम राजपुर कला के गाटा संख्या 282, रकबा 2.731 हेक्टेयर भूमि संक्रमणीय भूमिधर श्रेणी-1 (क) के रूप में दर्ज है। खतौनी में यह भूमि नरेश पाल सिंह, सुरेश पाल सिंह, प्रेमपाल, ऋषिपाल और वीरेश पाल के नाम दर्ज है। भूमि पर लंबे समय से विवाद चल रहा था।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस गंभीर विवाद के बावजूद क्षेत्रीय लेखपाल और राजस्व निरीक्षक ने जांच के दौरान पूरे तथ्य सामने नहीं रखे और न ही समय से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। प्रथम दृष्टया यह कर्तव्य हीनता और अनुशासनहीनता पाई गई। इसी आधार पर दोनों को निलम्बित करने की कार्यवाही की गई है।

प्रशासन ने साफ किया है कि भूमि विवादों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस और राजस्व टीम मिलकर मामले की गहन जांच कर रही है।