विधायक ने बताया कि अब तक आधिकारिक तौर पर 11 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में तस्वीर और साफ़ होगी, लेकिन यह संतोष की बात है कि किसी बड़े पैमाने पर जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
डॉ. जनक राज ने कहा कि सामान्य परिस्थितियों में भी दुर्गम रास्तों के कारण हर साल 20 से 25 श्रद्धालु घायल हो जाते हैं, मगर इस बार प्राकृतिक आपदा के चलते यात्रा और अधिक कठिन हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार इस आपदा के समय पूरी तरह विफल साबित हुई है। सरकार धरातल पर कहीं नजर नहीं आ रही, अधिकारियों को कोई चिंता नहीं कि चंबा जिला में लोग कितनी तकलीफ़ें झेल रहे हैं। प्रशासन की भूमिका लगभग शून्य जैसी है, जबकि जनता ही जनता की मदद कर रही है।
विधायक ने दावा किया कि भाजपा संगठन इस कठिन घड़ी में ज़मीनी स्तर पर सक्रिय है। चंबा जिले में भाजपा युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और पार्टी कार्यकर्ता लगातार लोगों के बीच हैं। जिस परिवार को राशन चाहिए, वहां राशन पहुँचाया जा रहा है। जिनको दवाइयों, वस्त्रों या अन्य किसी भी सुविधा की ज़रूरत है, उनकी भी आवश्यकता अनुसार मदद की जा रही है।
डॉ. जनक राज ने स्थानीय लोगों को संकट की घड़ी में आगे आकर सहयोग करने के लिए धन्यवाद भी दिया और कहा कि असली श्रेय इन्हीं को जाता है।