ट्रेन की चपेट में आने से होमगार्ड महिला जवान के दोनों पैर कटे, गंभीर
पलामू, 28 जून (हि.स.)। ट्रेन की चपेट में आकर होमगार्ड महिला जवान का दोनों पैर काटने के बाद उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। होमगार्ड महिला जवान की पहचान पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के दुअरा गांव निवासी वीरेंद्र यादव की पुत्री अनुराधा कुमारी (20) के रूप में की गई है।
घटना के बारे में घायल महिला होमगार्ड जवान के पिता वीरेंद्र यादव ने शनिवार को बताया कि अनुराधा कुमारी गिरिडीह में ड्यूटी करती थी। होमगार्ड ऑफिस से अनुराधा कुमारी का कमान देवघर के लिए कटा था। देवघर ड्यूटी करने के लिए अनुराधा अपने घर से ट्रेन पर सवार होकर मेदिनीनगर होमगार्ड ऑफिस अपना कमान लेने जा रही थी। इसी बीच कोसीआरा रेलवे स्टेशन के पास किसी काम के लिए अनुराधा ट्रेन से उतरी थी। तभी वह ट्रेन की चपेट में आ गई, जिसके कारण उसके दोनों पैर कट गए। स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।
भीड़ में उपस्थित लोगों ने इस घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजन घटनास्थल पर पहुंचकर घायल अनुराधा कुमारी को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
—————