21 अंडों के साथ मिला विशाल अजगर, सर्प रक्षक टीम ने किया रेस्क्यू
रायगढ़, 27 जून (हि.स.)। जिले के नंसिया गांव में आज शुक्रवार को 21 अंडों के साथ लगभग 12 फीट लंबे और 25 किलो वजनी विशालकाय अजगर मिला, जिसे एनिमल रेस्क्यू टीम के सदस्यों ने सफलता पूर्वक रेस्क्यू कर अजगर को नदी में रिलीज कर दिया।
दरअसल एनिमल रेस्क्यू टीम रायगढ़ को सूचना मिली कि, रायगढ़ जिले के नंसिया गांव में एक घर में अजगर पाए जाने की सूचना मिली। सूचना पाकर टीम के सदस्य अजय सिंह अपने साथियों धर्मेंद्र सिंह,अजय सिंह,विक्की भवानी,आयुष सिंह के साथ मौके पर पहुंचे।
जहां एक घर में विशालकाय अजगर अपने अंडों के साथ पैरे के अंदर छिपा मिला, जिसे टीम ने सफलता पूर्वक बाहर निकाला और अजगर को नदी में सुरक्षित रिलीज कर दिया। क्योंकि अजगर हमेशा पानी में रहना पसंद करता है,यह मगरमच्छ की तरह अपने शिकार पर घात लगाकर पानी के किनारे बैठकर शिकार का इंतजार करता है।
वहीं, अजगर के अंडों को समिति ने अपने पास रखा है ताकि आगामी दिनों में जब अंडों से नन्हें अजगर का जन्म हो तब उन्हें भी सुरक्षित रिलीज़ किया जा सके।
उल्लेखनीय है कि, बारिश के मौसम में अजगर का निकलना एक सामान्य घटना है। भारी बारिश के कारण,अजगर अपने बिलों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान की तलाश में आते हैं, जिससे वे अक्सर मानव बस्तियों में चले जाते हैं। अजगर जहरीले नहीं होते हैं, लेकिन वे अपने शिकार को जकड़कर मार सकते हैं।
—————