कांग्रेस ने भारतीय संविधान को कुचलने का काम किया : चौधरी भूपेंद्र सिंह
मुरादाबाद, 25 जून (हि.स.)। भारतीय संविधान को कुचलने का काम किसी ने किया तो वह कांग्रेस ने किया। कांग्रेस शासित राज्यों में आज भी इमरजेंसी के हालात हैं। पचास साल बाद भी आज सिर्फ तरीकों में बदलाव हुआ है, नियत में नहीं। आज भी वैसे ही कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकारों की तानाशाही है। यह बातें बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने पर भाजपा कार्यालय पर आयोेजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि आपातकाल के 50 साल पूरे हो चुके हैं लेकिन वह काला दिन अभी तक तमाम लोगों के जेहन में बना हुआ। आज 50 वर्ष बाद भी कांग्रेस इस मानसिकता के साथ चल रही है। आज सिर्फ तरीकों में बदलाव हुआ है। नियत में आज भी वैसे ही तानाशाही।
उन्होंने कहा कि इमरजेंसी एक ऐसा काला अध्याय था जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपनी सत्ता बचाने के लिए इमरजेंसी लगाई। साथ ही लोकतंत्र की हत्या करते हुए एक साल तक सरकार का कार्यकाल भी बढ़ाया। वर्तमान में कांग्रेस नेतृत्व में इंदिरा गांधी की मानसिकता और उनकी तानाशाही झलकती है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस काले अध्याय में न केवल लोकतंत्र संस्थाओं को रौंदा बल्कि प्रेस की स्वतंत्रता, न्याय पालिका, निष्पक्षता और नागरिकों के मौलिक अधिकारों को भी कुचला।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा देश में आपातकाल लगाने के पीछे के न कोई युद्ध की स्थिति थी, न विद्रोह और न कोई बाहरी आक्रमण, सिर्फ इलाहाबाद उच्च न्यायालय के इंदिरा गांधी की चुनावी सदस्यता रद्द करने के निर्णय को निष्क्रिय करने और अपनी कुर्सी बचाने की जिद थी।
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि आज भी कांग्रेस शासित राज्य में कानून व्यवस्था का यह हाल है कि वहां विरोध का दामन धार्मिक तुष्टिकरण और सत्ता का अहंकार खुले आम दिखता है। यह सब आपातकाल सोच की ही उपज है। भाजपा सरकार में अघोषित इमरजेंसी है के सवाल पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जावेद अली को मुलायम सिंह के साथियों से पूछना चाहिए कि इमरजेंसी क्या थी। उनको इमरजेंसी के बारे में जानकारी नहीं है।
इस मौके भाजपा पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल, महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला, विधान परिषद सदस्य डाॅ. जयपाल सिंह व्यस्त, जिला पंचायत अध्यक्ष डाॅ. शैफाली सिंह चौहान, महापौर विनोद अग्रवाल, क्षेत्रीय मीडिया सह प्रभारी निमित जायसवाल, जिला मीडिया प्रभारी संजय ढाका, महानगर मीडिया प्रभारी राजीव गुप्ता आदि उपस्थित रहे।