मुख्यमंत्री ने गाडरवारा तालाब सौंदर्यीकरण कार्य व डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना का भूमिपूजन किया
– एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत किया पौधरोपण
नरसिहंपुर, 9 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को गाडरवारा आगमन पर यहां नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना योजना के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय गाडरवारा के पास दो करोड़ 13 लाख रुपये की लागत से तालाब सौंदर्यीकरण कार्य और भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी की प्रतिमा स्थापना के लिए भूमिपूजन किया। इसके साथ ही एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंदूर का पौधरोपण किया।
इस अवसर पर परिवहन और स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने भी सिंदूर का पौधा रोपा। इस दौरान नूपुर कॉन्वेंट हाई स्कूल गाडरवारा के छात्र-छात्राओं ने ढोल ताशा की शानदार प्रस्तुति दी जिसे देखकर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उनके साथ शामिल होकर डमरू बजाया। इस अवसर पर सांसद चौ. दर्शन सिंह, राज्यसभा सांसद माया नारौलिया, विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल, पूर्व राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी, नपा अध्यक्ष गाडरवारा पं. शिवाकांत मिश्रा, अन्य विशिष्ट जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का ग़ाडरवारा हेलीपैड पर हुआ आत्मीय स्वागत
इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव के गाडरवारा पहुँचने पर यहाँ स्थित हैलीपैड पर परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान सांसद चौ. दर्शन सिंह, विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल, पूर्व राज्यमंत्री कैलाश सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पुष्प माला पहनाकर स्वागत किया।
ज़िला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री डॉ यादव का संभागायुक्त धनंजय सिंह भदौरिया, कलेक्टर शीतला पटले, पुलिस अधीक्षक मृगाखी डेका ने भी पुष्प गुच्छ भेंटकर अभिवादन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव हैलीपैड से रुद्र मैदान कार्यक्रम स्थल की ओर रवाना हुए। इस दौरान हैलीपैड के समीप कतारबद्ध खड़े स्थानीय जनप्रतिनिधियों व नागरिकों ने भी उनका अभिनंदन किया।