प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक स्तर पर अभूतपूर्व प्रगति की है: नीलकंठ

Share

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक स्तर पर अभूतपूर्व प्रगति की है: नीलकंठ

पश्चिम सिंहभूम, 6 जून (हि.स.)। पश्चिम सिंहभूम जिला में भारतीय जनता पार्टी की ओर से केंद्र सरकार के 11 वर्षों की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की ऐतिहासिक उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए शुक्रवार को चाईबासा में “विकसित भारत का अमृतकाल—सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष” जनजागरण अभियान का शुभारंभ हुआ।

भव्य कार्यक्रम का उद्घाटन पश्चिमी सिंहभूम भाजपा जिला कार्यालय में हुआ। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक स्तर पर अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि यह कालखंड गरीब, किसान, महिला और युवा के उत्थान का युग है। पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि मोदी सरकार की योजनाएं केवल कागज़ पर नहीं बल्कि ज़मीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू हुई हैं।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुवर गागराई ने कहा कि झारखंड में हर गांव अब सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं से जुड़ रहा है। पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने उज्ज्वला, जनधन और मुद्रा जैसी योजनाओं को महिलाओं के सशक्तिकरण का प्रतीक बताया। भाजपा जिला अध्यक्ष संजय पांडे ने कहा कि यह अभियान केवल सरकार की उपलब्धियां बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि विकसित भारत की दिशा में जनभागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास है।

उन्होंने बताया कि 8 से 21 जून तक राष्ट्रीय मीडिया संवाद, डिजिटल प्रतियोगिताएं, चौपाल, प्रदर्शनी और योग शिविर जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन अमरेश प्रधान ने किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

—————