फतेहाबाद : युवती का बैंक खाता खुलवाकर की लाखों की ट्रांजेक्शन,केस दर्ज
फतेहाबाद, 3 जून (हि.स.)। जिले की एक छात्रा के धोखाधड़ी का शिकार होने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर जानकार ने उसका बैंक खाता खुलवाया और उस खाते में लाखों की ट्रांजेक्शन की। युवती को जब इसका पता चला तो उसने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने मंगलवार को केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव गाजूवाला निवासी सोनिया ने कहा है कि वह यूजीसी नेट परीक्षा की तैयारी कर रही है। उसके जानकार पुनीत जिससे उसकी इंस्टाग्राम पर जानकारी हुई थी, ने उससे कहा कि वह अब यस बैंक, चण्डीगढ़ रोड, टोहाना में नौकरी कर रहा है। उसे अपने दोस्त का खाता खोलने का टारगेट पूरा करवाना है। वह उसका खाता खुलवा देता है और उसे कोई रुपये नहीं देने है। पुनीत के कहने पर उसने करीब डेढ़ साल पहले अपना ऑनलाइन खाता बंधन बैंक, चण्डीगढ़ रोड टोहाना में खुलवा लिया। पुनीत ने अपने दोस्त का नाम नहीं बताया था। खाता खोलने के बाद पुनीत ने उसे खाते की कोई किट या एटीएम कार्ड नहीं दिया। सोनिया ने कहा कि करीब 2 महीने पहले उसको बैंक से नोटिस मिला। तब उसे पता चला कि उसके बंधन बैंक के खाते से 7 लाख से ज्यादा की ट्रांजेक्शन हुई है, जिस कारण उसका खाता फ्रीज हो गया है। सोनिया ने आरोप लगाया कि पुनीत और उसके दोस्त ने मिलकर उसके खाते का प्रयोग ऑनलाइन ठगी के लिए किया है। इस पर उसने इस बारे ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में अब साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने धोखाधड़ी बारे केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।