गरीबों को मिलेगा मुफ्त इलाज, पार्थ गौतम ने की ‘युवा सेवक संघ’ की घोषणा
बरेली, 31 मई (हि.स.) । मेयर डॉ. उमेश गौतम व उनके पुत्र पार्थ गौतम ने शनिवार को जीआईसी ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में गरीबों को मुफ्त इलाज देने की घोषणा की। पार्थ फाउंडेशन के तहत अब मिशन अस्पताल में भर्ती, ऑपरेशन, डिलीवरी, बिस्तर, नर्सिंग व परामर्श जैसी चिकित्सा सेवाएं पूर्णत: नि:शुल्क होंगी। इस दौरान चार-चार स्वास्थ्य कार्ड भी वितरित किए गए।
पार्थ गौतम ने ‘युवा सेवक संघ’ नामक गैर-राजनीतिक सेवा संगठन की स्थापना की घोषणा करते हुए बताया कि इसमें सभी सदस्य सेवक कहलाएंगे और वे स्वयं प्रधान सेवक रहेंगे। संगठन का उद्देश्य गरीबों की सेवा है।
फाउंडेशन ने एक वर्ष में सहायता किट, त्योहारों पर खाद्य सामग्री और आवश्यक वस्तुएं वितरित कीं। गर्मी में 50 से अधिक प्याऊ लगाए गए और विश्व पर्यावरण दिवस पर पौध वितरण किया गया।
मेयर उमेश गौतम ने पूर्व मेयरों पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग अपने कार्यकाल में कुछ न कर सके, वे आज विरोध कर रहे हैं। पार्थ ने जनता से अपील की कि शाम 4 से 6 बजे तक कार्यालय में आकर अपनी समस्याएं बताएं, समाधान अवश्य होगा।