जिला प्रशासन द्वारा बढ़ती गर्मी के मद्देनजर जारी की एडवाइजरी

Share

जिला प्रशासन द्वारा बढ़ती गर्मी के मद्देनजर जारी की एडवाइजरी

फतेहाबाद, 26 मई (हि.स.)। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष एवं उपायुक्त मनदीप कौर ने कहा कि दिनों दिन बढ़ती गर्मी के मौसम में गर्म हवाओं और बढ़े हुए तापमान से लू (हीट वेव) लगने का खतरा बढ़ जाता है, लू लगने पर उसके इलाज से बेहतर है, हम लू से बचे रहें और सावधानी रखते हुए स्वयं जागरूक होकर सरकार की एडवाइजरी की अनुपालना सुनिश्चित करें।उपायुक्त ने सोमवार को जारी जानकारी में कहा कि स्वास्थ्य सुरक्षा के मद्देनजर गर्मी के मौसम में गर्म हवा और बढ़ते तापमान-लू से बचाव के लिए जिला प्रशासन द्वारा जनहित में एडवाइजरी जारी की गई है, जिसका सभी पालन करें। उन्होंने बताया कि गर्म लहर की स्थिति में लू के प्रभाव को कम करने तथा लू के कारण होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए कुछ उपाय कर सकते हैं। हीट वेव यानी लू की चपेट में आने के कारण शरीर में पानी की कमी, हीट स्ट्रोक, उल्टी, चक्कर आना, बुखार, सिरदर्द और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। कई बार हीट वेव जानलेवा भी साबित हो सकती है। ऐसे में कुछ खास बातों का ध्यान रखना चाहिए। हीट वेव से सुरक्षित रहने के लिए कुछ टिप्स को फॉलो कर अपना व परिवार का बचाव रख सकते हैं।हीट वेव से बचने के लिए अपने शरीर को हाइड्रेट रखने की कोशिश करें। इसके लिए अधिक से अधिक पानी का सेवन करें। इसके अलावा, आप नारियल पानी, नींबू पानी, ओआरएस और छाछ जैसे प्राकृतिक पेय का सेवन कर सकते हैं। अपने घर को ठंडा रखें, इसके लिए पर्दे, शटर या सनशेड का उपयोग करें और रात में खिड़कियां खुली रखें। घर से बाहर धूप में निकलते समेत चश्मा, टोपी, जूते या चप्पल पहनें और छाते का प्रयोग करें। शरीर को अच्छी तरह कवर करके ही घर से बाहर निकलें। हीटवेव से बचने के लिए सूती, ढीले और हल्के रंग के कपड़े पहनें। सूती कपड़े आपके शरीर को ठंडा रखने में मददगार साबित होते हैं। ताजे फलों और हरी सब्जियों को अपनी डाइट में शामिल करें। पशुओं को छाया में रखें और उन्हें पीने के लिए पर्याप्त पानी दें। अगर आप ठीक महसूस नहीं कर रहे हैं तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।