ओवरलोड वाहनों से पुल टूटने का खतरा देख किसान धरने पर बैठे
बिजनौर,26 मई (हि.स.)। सरकारी परमिशन से चल रहे मिट्टी खनन और ओवरलाेड वाहनों से ग्राम कासमाबाद और पाइंदापुर के बीच बने नहर पुल
के टूटने का खतरा मंडराता देख साेमवार काे किसानों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दाैरान एकजुट किसानाें ने मिट्टी के काम में लगे वाहनों को रोकते हुए पुल का रास्ता जाम कर विरोध शुरू कर दिया।
किसान अनुज बालियान ने बताया कि हमारे खेतों पर जाने के लिए बस एक मात्र यही पुल साधन है, जो तमाम प्रयासों के बाद बना था अब यह टूटने के कगार पर है। किसानों का कहना है कि अगर इन बड़े वाहनों के कारण ये पुल टूट गया तो हम किसान बेहाल और लाचार हो जाएंगे। हमारी मांग है कि इस पुल की मरम्मत कराते हुए खनन में लगे मिट्टी के वाहनों को भी रोका जाए।
किसानों के धरने को देखते हुए मौके पर क्षेत्रअधिकारी, सरकारी अमला भी मौके पर पहुंच गया है। समाचार लिखे जाने तक किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी था। इस मौके पर शशांक चौधरी, राजदेव सिंह, भूदेव सिंह, दिनेश कुमार, हुक्म सिंह, सनी कुमार, रॉबिन कुमार, बंटी आदि किसान मौजूद रहे।
——————