फतेहाबाद पुलिस ने श्रमदान अभियान चलाकर थानों व चौकियों में की सफाई

Share

फतेहाबाद पुलिस ने श्रमदान अभियान चलाकर थानों व चौकियों में की सफाई

फतेहाबाद, 25 मई (हि.स.)। फतेहाबाद पुलिस न केवल अपराध नियंत्रण में सफल सिद्ध हो रही है, अपितु सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए श्रमदान जैसे जनहितकारी अभियानों में भी सक्रिय भागीदारी निभा रही है। इसी कड़ी में रविवार को फतेहाबाद पुलिस द्वारा जिलेभर में थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों तथा विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से एक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने अपने-अपने कार्यालय परिसर, थानों, चौकियों व शाखाओं की साफ-सफाई करते हुए स्वेच्छा से श्रमदान किया। हाथों में झाडू लेकर पुलिस कर्मचारी सफाई करते नजर आए। पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन ने कहा कि श्रमदान केवल शारीरिक श्रम नहीं, अपितु यह मानसिक शुद्धता, सामाजिक समरसता और नागरिक कर्तव्यबोध का परिचायक है। उन्होंने कहा कि श्रमदान भारतीय संस्कृति की एक अनमोल परंपरा है, जिसे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने विशेष महत्व दिया था। बापू का मानना था कि प्रत्येक नागरिक को समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन स्वयं के श्रम से करना चाहिए। एसपी ने कहा कि साफ-सुथरा वातावरण न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि यह मानसिक शांति एवं कार्यक्षमता को भी बढ़ाता है। पुलिस विभाग जैसे अनुशासित संस्थान में स्वच्छता, अनुशासन और सजगता का विशेष स्थान है। ऐसे में श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति कर्मचारियों की जागरूकता और सहभागिता निश्चित ही एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि श्रमदान केवल सफाई तक सीमित नहीं है। इसमें वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण, सार्वजनिक स्थलों की सफाई, सामुदायिक सेवा जैसे कार्य भी सम्मिलित हैं। इस प्रकार के अभियान नागरिकों को समाज के प्रति जिम्मेदारी का बोध कराते हैं और सामूहिक चेतना को जागृत करते हैं।