आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी, सेना का पराक्रम गर्व की बात: सचिन पायलट

Share

आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी, सेना का पराक्रम गर्व की बात: सचिन पायलट

जयपुर, 20 मई (हि.स.)। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने सोमवार को जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में मीडिया से बातचीत के दौरान आतंकवाद, सेना के ऑपरेशन और केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर कई अहम बातें कहीं।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद को जड़ से खत्म करना अब बेहद जरूरी हो गया है। पिछले कई दशकों से जम्मू-कश्मीर और पंजाब समेत देश के विभिन्न हिस्सों में आतंकी घटनाएं हो रही हैं। देश अब आतंकवाद से तंग आ चुका है और इसे खत्म करने के लिए सभी दलों को एकजुट होकर काम करना होगा।

पायलट ने भारतीय सेना के “ऑपरेशन सिंदूर” में किए गए साहसिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि हमारी सेना ने न केवल देश की रक्षा की है, बल्कि आतंकवाद के अड्डों को भी खत्म किया है। उन्होंने कहा कि “हमारी सेना को सलाम है और उन सैनिकों के परिवारों को भी धन्यवाद है, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपनों को सरहद पर भेजा।”

राजनीतिक मामलों पर बोलते हुए पायलट ने कहा कि राहुल गांधी की संसद सदस्यता को बिना वजह रद्द किया गया, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। साथ ही राजस्थान विधानसभा में एक विधायक के मामले में कोर्ट के आदेश के बावजूद स्पीकर द्वारा कोई कार्रवाई न करने को लेकर उन्होंने सवाल उठाए और इसे पक्षपातपूर्ण रवैया बताया।

पायलट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पीएम कई बार राजस्थान आए, लेकिन राज्य को लेकर कोई ठोस घोषणा नहीं की गई। उन्होंने विशेष रूप से पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) का जिक्र करते हुए कहा कि इसे राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने का वादा अब तक अधूरा है। सिर्फ एमओयू पर हस्ताक्षर करना काफी नहीं है, केंद्र को फंडिंग करनी चाहिए और जमीन पर काम दिखना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल भाषण देने से काम नहीं चलेगा, राजस्थान के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

————-