झूलन अनुष्ठान के साथ मंडा पर्व संपन्न
खूंटी, 13 मई (हि.स.)। कर्रा प्रखंड के बिकुवादाग गांव में सदियों से जारी शिवोपासना का महापर्व मंडा मंगलवार को झूलन अनुष्ठान के साथ संपन्न हो गया। भोक्ताओं ने तीन दिन तक गृह त्याग कर बाबा भोलेनाथ की शरण में रहते हुए अल्पाहार, फलाहार और अंत में वैशाख पूर्णिमा को दिन भर निर्जला उपवास रखकर भगवान शिव की तीन दिनों तक आराधना की।
अनुष्ठान के अंतिम दिन लकड़ी के झूलन पर हवा में घुमते ही भक्तों पर पुष्प वर्षा की। झूलन के साथ ही भोक्ताओं ने अन्न-जल ग्रहण किया। इसके पूर्व सोमवार की आधी रात को बिकुवादाग के पूर्व जमींदार शर्मा परिवार की ओर से अनुष्ठान में शामिल लगभग डेढ़ सौ भोक्ताओं के बीच धोती का वितरण किया गया।
रात को धुंवासी, फूलुखुंदी सहित अन्य अनुष्ठान आयोजित किये गये। तड़के साढ़े तीन बजे भोंक्ताओं ने दहकते अंगारों में नंगे पांव चलकर अपनी भक्ति का परिचय दिया। सदियों से इस अनुष्ठान का आयोजन करने वाले शर्मा परिवार के गीत शरण शर्मा, दिलीप शर्मा, प्रणीीत शर्मा सहित अन्य ने बताया कि बिकुवादाग गांव में मंडा कब शुरू हुआ, इसकी किसी को जानकारी नहीं है। फिॅर भी यह परंपरा लगभग दो सौ वर्ष से भी पुरानी है। लगभग 50 हजार से अधिक लोगों ने तीन दिनों तक मंडा मेला का आनंद लिया। झूला सहित मनोरंजन के कई साधन मेला में उपलब्ध थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में गीता शरण शर्मा, दिलीप कुमार शर्मा, प्रणीत शर्मा, अशोक शर्मा, कृष्णा नन्द शर्मा सहित अन्य लोगों ने योगदान दिया।
—————