मां और डॉक्टर जीवन की सच्चे संरक्षण और उपचारक : मुख्यमंत्री

Share

मां और डॉक्टर जीवन की सच्चे संरक्षण और उपचारक : मुख्यमंत्री

नई दिल्ली, 11 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मां और डॉक्टर दोनों ही जीवन की सच्चे संरक्षक, उपचारक और निःशब्द योद्धा होते हैं।

उन्होंने यह बाते रविवार को मातृ दिवस के अवसर पर आयोजित महिला डॉक्टरों के सम्मेलन और वार्षिक सम्मान समारोह में कही। यह समारोह इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित हुआ। इसमें बड़ी संख्या में डाक्टर मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समारोह में शामिल होना उनके लिए अत्यंत भावुक और मन को आनंदित करने वाला अनुभव रहा है। उन्हें हमेशा यह महसूस होता है कि डॉक्टर और मां के बीच एक अनुपम रिश्ता होता है। दोनों ही जीवन की सच्ची संरक्षक, उपचारक और निःशब्द योद्धा होती हैं। इस विशेष दिन पर वे सभी माताओं को उनके प्रेम, बलिदान और अनमोल देखभाल के लिए दिल से सम्मान और आभार प्रकट करती है।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने मातृ दिवस की एक्स पर बधाई देते हुए पोस्ट करते हुए लिखा कि नमन उस आदि शक्ति को, जिसे हम श्रद्धा से मां कहते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम उस ममता, धैर्य और त्याग को प्रणाम करते हैं, जिसने हमें जन्म दिया, चलना सिखाया और हर संघर्ष में हमारी सबसे मजबूत ढाल बनकर खड़ी रही।

उन्होंने कहा कि मां केवल जीवन की शुरुआत नहीं करती, वह जीवन को संवारती है। वह धरती सी सहनशील, आकाश सी विस्तृत और पर्वत सी अडिग होती है। वाल्मीकि रामायण में प्रभु श्रीराम कहते हैं कि मां और मातृभूमि स्वर्ग से भी श्रेष्ठ होती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब हम मातृत्व का सम्मान कर रहे हैं, आइए उन वीर माताओं को भी याद करें, जिनके सपूत और बेटियां देश की सीमाओं पर तैनात हैं और भारत माता की सेवा में अडिग और समर्पित है।

—————