फतेहाबाद पुलिस ने की कार्रवाई, दुकानदार को वापस दिलवाए बीस लाख

Share

फतेहाबाद पुलिस ने की कार्रवाई, दुकानदार को वापस दिलवाए बीस लाख

फतेहाबाद, 11 मई (हि.स.)। दुकानदार के 20 लाख रुपये लेकर दुकान पर काम करने वाले युवक के फरार होने के मामले में फतेहाबाद पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई की है। इस मामले में पुलिस ने दुकानदार को उसकी 20 लाख की राशि वापस दिलवाई है। रविवार को थाना शहर फतेहाबाद प्रभारी ओमप्रकाश ने दुकानदार को यह राशि वापस सौंपी। दुकानदार अतुल बंसल ने पुलिस द्वारा की गई प्रभावी कार्रवाई पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला पुलिस का आभार प्रकट किया और कहा कि फतेहाबाद पुलिस वास्तव में आमजन की सच्ची रक्षक बनकर कार्य कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार अग्रवाल कालोनी फतेहाबाद निवासी अतुल बंसल पुत्र ओम प्रकाश शहर में मोबाइल फोन की खरीद-फरोख्त का व्यवसाय करते हैं। उनकी दुकान जीटी रोड पर सैंट्रल बैंक के पास रिंकू मोबाइल, के नाम से दुकान है। अतुल ने अपनी दुकान पर सुखबिंद्र सिंह निवासी हिजरावां को नौकरी पर रखा हुआ था। अतुल बंसल ने सुखबिंद्र को रतिया स्थित मोंगा मोबाइल से मोबाइल खरीदने के लिए भेजा और इसके लिए उसे 20 लाख की नकद राशि सौंपी। सुखबिंद्र सिंह पैसे लेकर फरार हो गया और उसका मोबाइल फोन बंद आने लगा। इस पर दुकानदार ने फतेहाबाद पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत पर सिटी एसएचओ एसआई ओमप्रकाश व बस अड्डा चौकी प्रभारी सुशील कुमार की टीम ने मामले को गंभीर से लिया और तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी से सम्पर्क किया और पुलिस की तत्परता व प्रभावी प्रयासों के चलते अतुल बंसल को 20 लाख की संपूर्ण राशि सकुशल वापस मिल गई।