छत्तीसगढ़ के नक्सली प्रभावित बीजापुर जिले में पुन: खाेले गए 50 स्कूल, आठ हजार बच्चे जुड़े

Share

छत्तीसगढ़ के नक्सली प्रभावित बीजापुर जिले में पुन: खाेले गए 50 स्कूल, आठ हजार बच्चे जुड़े

बीजापुर, 11 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ सरकार और जिला प्रशासन के अथक प्रयासों से नक्सली हिंसा से प्रभावित बीजापुर जिले 50 स्कूलों को दोबारा खोला गया है, जिससे करीब आठ हजार बच्चे शिक्षा से फिर से जुड़ गए हैं। अतिरिक्त परियोजना समन्वयक मोहम्मद जाकिर खान ने बताया कि सरकार शिक्षा विभाग के अधिकार को हर बच्चे तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्हाेंने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार और जिला प्रशासन लगातार यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा है कि शिक्षा का अधिकार हर बच्चे तक पहुंचे। इन प्रयासों के तहत 50 स्कूलाें काे पुन: खोला गया है, जिसमें लगभग 8 हजार बच्चे शिक्षा से फिर से जुड़े हैं।

जिला प्रशासन छात्रों को किताबें और मिड-डे मील जैसी सुविधाएं मुहैया करा रहा है। गांव के लोगों ने भी स्कूल खोलने में सहयोग करना शुरू कर दिया है। नक्सली हिंसा के दौरान कई स्कूल ध्वस्त हो गए थे, लेकिन इनका पुनर्निर्माण तभी हो सका जब गांव के लोगों ने मदद की। अब बीजापुर के शैक्षणिक संस्थान युवा विद्यार्थियों से गुलजार हैं, जहां कभी नक्सली आतंक के कारण स्कूलों के दरवाजे बंद हो गए थे। यह प्रयास न केवल शिक्षा को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि क्षेत्र में उम्मीद की नई किरण भी जगा रहा है।

बीजापुर कलेक्टर संबित मिश्रा ने रव‍िवार को 50 स्कूलाें काे पुन: खोले जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि अंदरूनि इलाकाें में जैसे-जैसे सुरक्षा शिविर खुल रहे हैं, वहां शिक्षा की पहुंच भी कई तरह से आओ बढ़ रही है। हम हर घर में स्कूल छोड़ने वाले बच्चों के लिए सर्वेक्षण कर रहे हैं । पहचान के बाद, हम इसका कारण पता लगाएंगे और ज़्यादा से ज़्यादा बच्चों को स्कूल वापस लाने की कोशिश करेंगे । पहले स्कूल झोपड़ियों में हुआ करते थे, लेकिन अब ज़्यादातर स्कूलों के लिए पक्की इमारतें स्वीकृत हो गई हैं । हम बुनियादी ढांचे को बेहतर बना रहे हैं। जैसे-जैसे गांवों के अंदर स्कूल खुल रहे हैं, हम कोशिश कर रहे हैं कि जो बच्चे स्कूल जा रहे हैं, वे हमारे आवासीय सुविधाओं जैसे कि छात्रावासों में रहकर पढ़ने वाले बच्चे अपने गांवों में अपने घरों से ही स्कूल जा सकें।

—————