आम जनता की जेबों को काटने में लगी है सुक्खू सरकार : विश्व चक्षु

Share

आम जनता की जेबों को काटने में लगी है सुक्खू सरकार : विश्व चक्षु

धर्मशाला, 09 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश भाजपा के मीडिया सह प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु ने प्रदेश कांग्रेस सरकार द्वारा बस किराए में की गई बढ़ोतरी को लेकर सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सुक्खू सरकार जनता की जेबों को काटने में उतर आई है।

शुक्रवार को जारी एक प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्र के लिए सामान्य बसों में 20 और मैदानी क्षेत्रों के किराये में 31 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी के साथ एसी डीलक्स और सुपर लग्जरी वॉल्वो बसों का किराया भी बढ़ाया गया जो न प्रदेशों की जनता के हित में ओर न ही दूसरे प्रदेशों से हिमाचल का रुख करने वालों के हित्तों में है।

उन्होंने कहा कि ऐसे जनविरोधी निर्णय लेकर सुक्खू सरकार जनता से कुठाराघात कर रही है। सरकार की आर्थिक नीतियां पूरी तरह से विफल रही हैं, जिसका खामियाजा अब प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महंगाई पहले से ही चरम सीमा पर है और उपर से किराये में बढ़ोतरी जनता के लिए किसी आपदा से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार ने युवाओं के रोजगारों के दरवाजों को बंद कर दिया है तथा अब जनता पर बोझ डाला जा रहा है।