पारदर्शिता के साथ समय पर योजनाओं को पूरा करायें अधिकारी: डॉ शिशिर

Share

पारदर्शिता के साथ समय पर योजनाओं को पूरा करायें अधिकारी: डॉ शिशिर

खूंटी, 5 मई (हि.स.)। जिला पंचायत राज पदाधिकारी खूंटी डॉ शिशिर कुमार सिंह ने सोमवार को पचायती राज विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा की।

बैठक का मुख्य उद्देश्य 15वें वित्त आयोग अंतर्गत ग्राम पंचायत और पंचायत समितियों को प्राप्त अनुदान राशि के व्यय, पंचायत सचिवालयों में बायोमैट्रिक उपस्थिति, सचिवालय भवनों को डिजिटल पंचायत के रूप में विकसित करने, सचिवालय में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा, कनीय अभियंताओं के कार्यों की प्रगति, पंचायत सहायकों को कक्ष आवंटन और पंचायत सहायता केंद्रों की शीघ्र शुरुआत तथा पंचायत ज्ञान केंद्रों की स्थापना एवं संचालन की प्रगति का मूल्यांकन करना था।

बैठक के दौरान पाया गया कि कई पंचायत सचिवालयों में अभी भी डिजिटल ढांचे की स्थापना अधूरी है। इस पर शीघ्र कार्रवाई की आवश्यकता है। कनीय अभियंताओं के कार्यों की भी समीक्षा की गई और उनके दायित्वों को स्पष्ट किया गया, ताकि विकास कार्यों की गति में तेजी लाई जा सके। पंचायत सहायकों के लिए निर्धारित कमरों के आवंटन और पंचायत सहायता केंद्रों को जल्द चालू करने पर विशेष बल दिया गया, ताकि पंचायत स्तर पर ग्रामीणों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

पंचायत ज्ञान केंद्रों की स्थापना और संचालन की दिशा में हुई प्रगति की भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करें और समयबद्ध ढंग से कार्य पूरे करें। उन्होंने ग्राम पंचायत विकास योजना की इंट्री को अद्यतन करने पर जोर दिया और निर्देश दिया कि सभी योजनाओं की सतत मॉनिटरिंग की जाए। बैठक में जिला परियोजना प्रबंधक, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड समन्वयक (पंचायत राज), सभी कनीय अभियंता, कंप्यूटर ऑपरेटर और संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

—————