फतेहाबाद: नाबालिग लडक़ी का अपहरण कर, बलात्कार की कोशिश में पांच पर केस दर्ज
पुलिस ने दो महिलाओं को भी बनाया अरोपी
फतेहाबाद, 2 मई (हि.स.)। जिले के टोहाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर बंधक बनाने और बलात्कार की कोशिश करने का मामला सामने आया है। इस मामले में टोहाना पुलिस ने शुक्रवार को पंजाब की दो महिलाओं सहित पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में प्रेम नगर टोहाना निवासी एक महिला ने कहा है कि उसकी करीब 16 साल की बेटी 10वीं की परीक्षा के बाद चण्डीगढ़ रोड स्थित एक कोचिंग अकैडमी में जाती है।गत दिवस जब उनकी बेटी कोचिंग सैंटर जाने के लिए जैन समाधि के पास बस की इंतजार में खड़ी थी, तभी राघव गोयल जोकि उसकी मौसी का पोता है, वहां आया और अपने साथ चलने को कहा। महिला ने कहा कि इसके बाद उसकी लडक़ी ने जाने से मना किया, तो उसने उसके छोटे भाई को जान से मारने की धमकी दी। महिला ने आरोप लगाया कि इसके बाद राघव उसकी लडक़ी को बहला-फुसला कर जबरदस्ती अपने साथ पटियाला के समाना ले गया। वहां उसने अपने दोस्त को कार लेकर बुलाया और समाना के पार्क में उसकी लडक़ी को लाल चूड़ा डलवाकर अपने घर ले गया। वहां उसके परिवार के लोग राजू गोयल पुत्र रतन, उसकी पत्नी ज्योति, उधव पुत्र राजू, बिमला पत्नी रतन निवासी कुलारां, जिला पटियाला भी मौजूद थे। वहां राघव ने जबरन उसकी मांग में सिंदूर भर दिया और मंगलसूत्र पहना दिया। महिला ने आरोप लगाया कि इसके बाद राघव ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की लेकिन उसकी लडक़ी के शोर मचाने पर वह वहां से चला गया। महिला ने कहा कि वह अपनी लडक़ी को ढूंढते हुए राघव के घर पहुंचे और बड़ी मुश्किल से उसे छुड़वाया। बाद में महिला ने इस बारे में पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में टोहाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।