अनूपपुर: डेढ़ माह से हाथियों का आतंक, किसानों की फसलें कर रहे बर्बाद

Share

अनूपपुर: डेढ़ माह से हाथियों का आतंक, किसानों की फसलें कर रहे बर्बाद

अनूपपुर, 1 मई (हि.स.)। जिले में तीन हाथियों का समूह पिछले 38 दिनों से विचरण कर रहा है। यह हाथी पिछले दो दिनों से गोबरी के जंगल में डेरा डाले हुए हैं। दिन में जंगल में रहने के बाद रात होते ही ये खेतों में पहुंच जाते हैं। वन विभाग के गस्ती दल और ग्रामीणों को चकमा देकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।

छत्तीसगढ़ की सीमा पार कर आयें तीनो हाथी जैतहरी, अनूपपुर से राजेंद्रग्राम क्षेत्र में विचरण कर रहे हैं। तीन दिन पहले पुन: जैतहरी के ग्रमीण क्षेत्र में लौट आए। तीनों हाथियों ने अब तक 100 से अधिक घर, खेत और बाड़ियों में नुकसान किया है। मौसम में बदलाव और बारिश के कारण अधिकांश किसान खेतों की झोपड़ियों के बजाय गांव में रात बिता रहे हैं। इसका फायदा हाथी उठा रहे हैं।

बुधवार-गुरुवार की रात वन विभाग और ग्रामीण हाथियों की तलाश में जुटे रहे। लेकिन हाथी नए-नए स्थानों पर जाकर स्वतंत्र रूप से विचरण करते रहे। हाथियों की सुरक्षा को देखते हुए क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बंद रखी जा रही है। ग्रामीणों द्वारा खेतों में बिजली के तार लगाए जाने के कारण यह कदम उठाया गया है। बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान और नाराज हैं।