आतंकी घटना के विरोध में हाडौती संभाग के चारों जिलों में अभूतपूर्व स्वैच्छिक बंद

Share

आतंकी घटना के विरोध में हाडौती संभाग के चारों जिलों में अभूतपूर्व स्वैच्छिक बंद

कोटा, 25 अप्रैल (हि.स.)। पहलगाम की बर्बरतापूर्ण आंतकी घटना के विरोध में शुक्रवार को हाडौती संभाग के चारों जिलों कोटा, बूंदी, बारां व झालावाड में शहर, कस्बों व गांवों के सभी बाजारों में स्वैच्छिक बंद शांतिपूर्ण रहा। विश्व हिंदू परिषद के आह्वान पर कोटा शहर के सभी मुख्य बाजारों सहित सडकों पर सन्नाटा छाया रहा। विहिप, बजरंग दल एवं सर्व समाज के कार्यकर्ताओं ने सभी व्यापारियों से स्वैच्छिक बंद की अपील की।

शहरों से गांवों तक जगह-जगह सभी समुदायों के संगठनों ने कैंडल मार्च निकालकर मृतकों को भावपूर्ण श्रद्धाजंलि दी। कई स्थानों पर सामाजिक, व्यापारिक व राजनीतिक संगठनों ने मशाल जुलूस निकालकर दोषी आतंकियों को पकडने एवं कठोरतम सजा देने की मांग की। युवा एवं महिला संगठनों ने दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को भावांजली अर्पित की। कोटा शहर में प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन व कोटा व्यापार महासंघ ने बंद के समर्थन में स्कूल व प्रतिष्ठान बंद रखे। शहर में पेट्रोल पम्प एसोसिएशन ने दो घंटे कारोबार बंद रखकर अपना विरोध जताया।

कांग्रेस के पीसीसी सचिव शिवकांत नंदवाना के नेतृत्व में डीसीएम चौराहे पर पाकिस्तानी आतंकवाद के पुतले का दहन कर कडा विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने पहलगाम में मृतकों को श्रद्धाजंलि देते हुये कश्मीर में अमानवीय हमला करने वाले आतंकवादियों को मौत जैसी कठोर सजा देने की मांग की। प्रमुख संगठनों द्वारा पाक आतंक के विरोध में आयोजित विरोध प्रदर्शन एवं श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि पहलगाम की इस बर्बर घटना के बाद देश के सभी हिंदू परिवार और देशवासी भारत बंद के माध्यम से एकजुटता का परिचय दे रहे हैं। केंद्र सरकार को पाक आतंकियों को करारा सबक सिखाने के लिये सेना का पूरी छूट दे देना चाहिये, जिससे भविष्य में देश में ऐसी बर्बर घटनाओं का दोहराव न हो सके।