फतेहाबाद : पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में जाखल में बंद रही दुकानें, आतंकियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
फतेहाबाद, 24 अप्रैल (हि.स.)। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से जिलावासियों में काफी गुस्सा है। जिले में विभिन्न संगठनों और लोगों ने जहां इस आतंकी हमले की निंदा करते हुए आतंकियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है वहीं व्यापारी भी विरोध में अपनी दुकानें बंद कर रहे हैं। बुधवार को जहां टोहाना में दुकानदारों ने इस घटना के विरोध में बाजार बंद रखा वहीं गुरुवार को जिले के पंजाब सीमा से सटे जाखल कस्बे में बाजार को पूर्णतया बंद रखा गया। मेडिकल स्टोर को छोडक़र सब्जी तक की दुकानें बंद रही। जाखल के लोग पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर रोष व्यक्त किया। शहर की सभी दुकानें सुबह से ही बंद नजर आई। बता दें कि पहलगाम में मंगलवार को हुए नरसंहार के विरोध में बुधवार को ताऊ देवीलाल पार्क, जाखल में बैठक बुलाई गई थी, जिसमें शहर की धार्मिक, समाजिक व व्यापारिक संस्थाओं के लोग शामिल हुए थे। बैठक में सर्वसम्मति से वीरवार को शहर में पूर्णतया बंद रखने का फैसला किया गया। बैठक में गौशाला कमेटी के उपप्रधान कांत जैन, मणि महेश समिति के अशोक कुमार, संजीव सिंगला आदि ने केंद्र सरकार से आतंकवाद पर निर्णायक चोट करने की मांग की। आतंकवादी घटना से गुस्साए लोगों ने इस कृत्य के लिए पाकिस्तान को मजबूत सबक सिखाने की मांग की।
पहलगाम आतंकी हमले की नौजवान सभा ने की कड़े शब्दों में निंदा
फतेहाबाद। भारत की जनवादी नोजवान सभा फतेहाबाद ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित बायसरण घाटी में हुए बर्बर आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। इस आतंकी हमले में कई निर्दोष पर्यटकों की जान गई और अनेक घायल हुए। यह कायराना हरकत हमारे देश की सामाजिक एकता और नागरिक स्वतंत्रता पर सीधा हमला है। नौजवान सभा के जिला प्रधान पवन भूथन और जिला सचिव शाहनवाज ने कहा कि यह हमला न केवल एक सुरक्षा चूक का गंभीर प्रमाण है, बल्कि केंद्र सरकार की नाकामी को भी उजागर करता है। उन्होंने कहा कि जब केंद्र सरकार और गृह मंत्रालय देश की आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी उठाते हैं, तो ऐसे भीषण हमलों के लिए उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। डीवाईएफआई केंद्र सरकार से मांग करता है कि इस हमले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि आतंक का कोई धर्म, जाति या राष्ट्र नहीं होता, यह सिर्फ मानवता का दुश्मन होता है।