कृषि विकास से ही होगी गांवों की उन्नति : सुदीप गुड़िया
खूंटी, 23 अप्रैल (हि.स.)। तोरपा के विधायक सुदीप गुड़िया ने बुधवार कों रनिया प्रखंड के कोड़ाकेल को दौरा कर वहां के ग्रामीणों से सीधी बातचीत की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
इसके पूर्व गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक ढंग से उनका स्वागत किया। गांव वालों से भी विधायक के समक्ष खुलकर अपनी समस्याओं को रखा। इस पर विधायक ने कहा कि गांव वालों की समस्याओं को दूर करना उनकी पहली प्राथमिकता है।
एक एक कर सभी समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। विधायक ने कहा कि तोरपा विधानसभा क्षेत्र कृषि प्रधान है। अधिकतर लोग कृषि पर ही आश्रित हैं। इसलिए जब इस क्षेत्र में कृषि का विकास होगा, तभी गांवों केां विकास होगा। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि तोरपा विधानसभा क्षेत्र के सभी प्रखंडों में कोल्ड स्टोरेज की स्थापना हो।
सुदीप गुड़िया ने कहा कि क्षेत्र की जनता के लिए उनका दरवाजा हर समय खुला है। कभी भी कोई व्यक्ति अपनी समस्याओे को लेकर उनकें पास आ सकता है। मौके पर कोड़ाकेल के ग्राम प्रधान लोरेंस कंडुलना, ग्राम सभा अध्यक्ष अन्नावालेतुस कंडुलना, सचिव फिलिप कंडुलना, पाहन चुडू कंडुलना, कल्याण कंडुलना, परिबल नाग, झामुमो पंचायत सचिव निकोलस कंडुलना सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
—————