गरीबों-शोषितों की निःस्वार्थ भाव से करें सेवा : कमले उरांव

Share

गरीबों-शोषितों की निःस्वार्थ भाव से करें सेवा : कमले उरांव

खूंटी, 20 अप्रैल (हि.स.)। अड़की के बिरबांकी में रविवार को शाखा स्थापना दिवस सह सरना धर्म प्रार्थना सभा आयोजित की गई। धर्मगुरु धीरजु मुंडा, धर्मगुरु बुधराम सिंह मुंडा और सोमा मुंडा की अगुवाई में अनुयायियों के साथ सरना स्थल में भगवान सिंङबोंगा का पूजा-पाठ कर सुख, शांति और खुशहाली की कामना की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि धर्मगुरु बहन कमले उरांव ने अनुयायियों को संबोधित करते हुए कहा कि सिंङबोंगा की स्तुति से आत्मा में भक्ति और श्रद्धा बढ़ती है। साथ ही समाज में भाईचारा की भावना पनपती है। इससे लोभ, लालच और अहंकार जैसी बुराईयां दूर होती हैं। इससे जीवन में सुख, शांति और खुशहाली आती है।

उन्होंने कहा कि भगवान के सामने सब बराबर हैं। सबको समान कृपा मिलती है। हमें सदा धर्म के रास्ते पर चलना चाहिए और समाज में प्रेम और भाईचारा के साथ रहना चाहिए और गरीबों, शोषितों, पीडितों तथा दीन-दुखियों की निःस्वार्थ भाव से सेवा करनी चाहिए।

मौके पर धर्मगुरु बगरय मुंडा ने कहा कि धरती आबा बिरसा मुंडा ने समृद्ध समाज की कल्पना की थी। उन्होंने हमेशा वंचितों की लड़ाई लड़ी। कार्यक्रम में धर्मगुरु सोमा कंडीर, लुकीन मुंडा, मनीराम पहान, मथुरा कंडीर, बिरसा कंडीर, सुभासिनी पुर्ती, मंगा ओड़ेया सहित अन्य उपस्थित थे।

—————