दमोह-तथाकथित डाॅ.एन.जान केम को फिर एक दिन की पुलिस रिमांड
दमोह, 17 अप्रैल (हि.स.) । तथाकथित डाॅक्टर नरेन्द्र जान केम के मामले में एक बार पुलिस को न्यायालय से एक दिन की रिमांड मिली है। गुरुवार को दी गई इस रिमांड के पूर्व में एक बार पांच दिन दूसरी बार चार दिन की रिमांड मिली थी।
उल्लेखनीय है कि कूट रचित दस्तावेजों के आधार पर चिकित्सा करने एवं मध्य प्रदेश आयुर्विज्ञान संस्थान में पंजीयन न करवाने के मामले में दमोह सिटी कोतवाली में प्रकरण दर्ज किया गया था। आरोपित डॉक्टर को प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस लगातार उससे पूंछतांछ कर रही है।वहीं मिशन अस्पताल की कैथ लैब स्वास्थ्य विभाग द्वारा सील कर दी गई । अब तक डॉक्टर के फर्जी दस्तखत कर कैंथ लैब शुरू करने के मामले में अस्पताल संचालक डॉक्टरअजय लाल सहित 9 पर एफआईआर दर्ज हुई है।
न्यायालय में जब आरोपित को लाया गया तो मीडिया ने उसके संबध में जानकारी चाही तो पुलिस प्रशासन द्वारा इतना बताया गया कि दस्तावेजों की जांच चल रही है और जल्द ही सच्चाई सामने आ जायेगी। डीपीओ कैलाश पटेल ने बताया कि मामला बडा पैचीदा है और पुलिस की जांच में कुछ कमी रह गयी थी, जिसको पूरा करने के लिये हमने एक दिन की और रिमांड की मांग की थी, जिस पर पुलिस की मांग न्यायालय ने मान ली है।
एडीपीओ सतीश कपस्या ने बताया कि आरोपी ने कूट रचित दस्तावेज बनाये हैं तथा अपना नाम तो बदला ही साथ में अपने माता-पिता के नाम के साथ जन्म तारीख भी बदली है। हमने तर्क सहित पूरी बात न्यायालय के सामने रखी, जिस पर न्यायालय ने मांग पूरी की है। इस अवसर पर एडीपीओ सतीश कपस्या भी उपस्थित रहे। वहीं आरोपी डाॅ. नरेन्द्र जान केम के अधिवक्ता सचिन नायक का कहना था कि सिर्फ दस्तावेजी मामला है, उसकी जांच चल रही है लेकिन अभिरक्षा में रखना न्यायोचित नहीं है। आरोपी के साथ मनगंढत कहानी पुलिस बना रही है उसके सभी दस्तावेज एकदम सही हैं। मामले को लेकर उच्च न्यायालय में प्रकरण लेकर जाने की तैयारी है।
—————