गुरुग्राम में ट्रैफिक रोड सेफ्टी पार्क में लगी यातायात जागरूकता पाठशाला
छात्रों, अध्यापकों/स्टॉफ को किया जागरूक
गुरुग्राम, 17 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस उपायुक्त यातायात विरेंद्र विज के निर्देशानुसार सहायक पुलिस आयुक्त यातायात मुख्यालय हाईवे सत्यपाल यादव की देखरेख में ट्रैफिक रोड सेफ्टी पार्क में यातायात जागरूकता पाठशाला लगाई गई।
यातायात उप निरीक्षक राजेश कुमार, यातायात पुलिस कर्मचारियो और रवि शर्मा हीरो मोटोकॉर्प द्वारा सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा के तहत क्राउन प्लाजा स्थित हीरो पार्क में यह यातायात नियमों की जागरूकता पाठशाला लगाई गई। ट्रैफिक पार्क में प्रतिदिन अलग अलग स्कूलों के छात्र लाए जाते हैं। उनको यातायात नियमों बारे निरन्तर जागरूक किया जा रहा है।
गुरुवार को मॉडल संस्कृति स्कूल सुशांत लोक के छात्रों, अध्यापकों/स्टॉफ को यातायात नियमों और यातायात चिन्हों बारे जानकारी देकर जागरूक किया गया। इस दौरान मौजूद सभी छात्रों और अध्यापकों को यातायात नियमों जैसे दुपहिया वाहन चालक हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें, वाहन चलाते समय किसी भी प्रकार का नशा ना करें, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग ना करें, रॉन्ग साइड ड्राइविंग ना करें, लेन ड्राइविंग करें आदि यातायात नियमों बारे जानकारी दी गई।
18 वर्ष से कम आयु में वाहन न चलाएं।इस दौरान मौजूद सभी लोगों को यह सभी जानकारियां अपने साथियों व परिवार के सदस्यों के साथ सांझा करने के बारे में भी प्रेरित किया गया, ताकि होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। इस दौरान मौजूद सभी छात्रों और अध्यापकों को सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा शपथ भी दिलाई गई। इस प्रकार के यातायात नियमों के जागरूकता पाठशाला अभियान यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा निरंतर जारी रहेंगे।