श्रमजीवी पत्रकार संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 30 को
कोडरमा, 14 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ बीएसपीएस की राष्ट्रीय कार्यकारणी की एक महत्वपूर्ण बैठक कोडरमा जिला के प्रसिद्ध शहर झुमरी तिलैया के नजदीक उरवां में 30 अप्रैल क़ो होगी।
बैठक में देश भर के पत्रकार जुटेंगे। झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन की कोडरमा जिला इकाई बैठक के आयोजन क़ो लेकर तैयारी में जुटी हुई है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक और कार्यक्रम स्थल राष्ट्रीय उच्च मार्ग 20 (पुराना नंबर 31) उरवां मोड़ स्थित बाबा होटल एंड बैक्वेट तय किया गया है। 14 अप्रैल क़ो जेजेए की टीम बाबा होटल एन्ड बैक्वेट का जायजा लेने पहुंची।
टीम में बीएसपीएस के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के दो सदस्य जगदीश सलूजा, संजीव समीर, झारखंड प्रदेश सचिव जावेद इस्लाम, कोडरमा जिला अध्यक्ष अलोक सिन्हा, जिला सचिव अनिल पांडेय, विजय मोदी, जयकांत कुमार, मंटू सोनी, मनीष वर्णवाल और बरही के जयदीप सिन्हा शामिल थे।
टीम ने होटल के संचालक गौरीशंकर के साथ होटल का बैंक्वेट हॉल, ठहरने के कमरे का जायजा लिया। साथ ही भोजन की व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्था पर गौरीशंकर से विचार विमर्श के बाद बाबा होटल क़ो कार्यक्रम स्थल के लिए तय कर दिया। इस होटल में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक क़ो लेकर सारी सुविधा मौजूद है। एसी मीटिंग हॉल में 150 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। 12 एसी और दो नॉन एसी कमरे हैं। कमरे सुविधाजनक हैं। बैठक स्थल से मनोरम तिलैया डैम और ऐतिहासिक सैनिक स्कूल बहुत नजदीक हैं।
—————