फतेहाबाद: एडीसी ने गांव भोडिया खेड़ा व अहरवां में किया फसलों के मिसमैच डाटा का सत्यापन
फतेहाबाद, 26 मार्च (हि.स.)। अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग ढालिया ने राजस्व विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बुधवार को गांव भोडिया खेड़ा और अहरवां में किसानों के खेतों का दौरा किया और मौके पर ही मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर किसानों की दर्ज फसलों के मिसमैच डाटा का सत्यापन किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर दर्ज किसानों की फसलों संबंधी मिसमैच डाटा के सत्यापन का कार्य किया जा रहा है।
सत्यापन के दौरान एडीसी ने किसानों से उनकी फसल संबंधी जानकारी ली और पोर्टल पर दर्ज विवरण से उसका मिलान किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी किसानों की फसलों का सही डाटा पोर्टल पर अपडेट किया जाए ताकि उन्हें मंडी में अपनी फसल बेचने में कोई परेशानी न आए। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे हर सीजन में अपनी फसलों का पंजीकरण मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर अवश्य करवाए। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा 27 मार्च तक पोर्टल को पुन: खोला गया है ताकि जिन किसानों ने किसी कारणवश अभी तक अपनी फसलों का पंजीकरण नहीं करवाया है वे समय रहते अपनी फसल का पंजीकरण कृषि विभाग के पोर्टल मेरी फसल मेरा ब्योरा पर करवा सके। उन्होंने किसानों को भी जागरूक करते हुए कहा कि वे समय-समय पर अपनी फसल की सही जानकारी पोर्टल पर दर्ज कराएं और किसी भी प्रकार की त्रुटि की सूचना संबंधित अधिकारियों को दें। इस मौके पर राजस्व विभाग के अधिकारी, कृषि विभाग के कर्मचारी तथा स्थानीय किसान उपस्थित रहे।