राज्य में कानून का कोई राज नहीं: बेनीवाल
जोधपुर, 16 मार्च (हि.स.)। रालोपा सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने विधानसभा में गत दिनों हुए हंगामे को लेकर कांग्रेस पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सात दिन तक विधानसभा को सिर्फ दादी-नानी के नाम पर भंग रखा और बाद में माफी मांगनी पड़ी। उन्होंने कहा कि वह खुद एक साल तक निलंबित रहे, लेकिन कभी माफी नहीं मांगी। बेनीवाल ने राजस्थान सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में कानून का कोई राज नहीं है। यह बात उन्होंने आज यहां सर्किट हाउस में मीडिया से बात करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि वसुंधरा सरकार की तुलना करते हुए कहा कि लोग तब पोपा बाई का राज कहते थे, लेकिन अब हालात उससे भी बदतर हो गए हैं। असल पोपा बाई का राज तो अब आया है। बेनीवाल ने एसआई भर्ती को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव से पहले बीजेपी और भजनलाल सरकार के लोग कह रहे थे कि आरपीएससी को बंद करवा देंगे, लेकिन अब तक कोई फैसला नहीं हुआ। उन्होंने मांग की है कि एसआई भर्ती को रद्द किया जाए और इसे कोर्ट-कचहरी के चक्कर में न डाला जाए। बेनीवाल ने आरोप लगाया कि एक मंत्री और अधिकारियों के करीबी लोग एसआई बन गए, और उन्हें बचाने के लिए भर्ती को रद्द नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूछताछ नोट में जो बातें सामने आई हैं, उनका जल्द खुलासा होगा।
अग्निवीर भर्ती को लेकर होगा आंदोलन
अग्निवीर भर्ती को लेकर बेनीवाल ने कहा कि किसान आंदोलन में जिस तरह पंजाब के किसान एकजुट हुए, उसी तरह अब अग्निवीर जवानों के आंदोलन में राजस्थान का जवान एकजुट होकर आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस के जवानों ने होली नहीं खेली, होली जैसे पावन त्योहार का बहिष्कार किया, उन्होंने सांकेतिक मैसेज दिया कि पुलिस भी हड़ताल कर सकती है। यह परंपरा गलत है। सरकार को पुलिस की मांगों को सुनना चाहिये।