उत्तम तकनीक अपना कर अपनी आमदनी बढ़ायें किसान: उपायुक्त
खूंटी, 7 मार्च (हि.स.)। कृषि, पशुपालन एवं सहाकारिता विभाग, झारखंड सरकार के तत्वावधान में जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार से कचहरी मैदान में दो दिवसीय कृषि मेला सह किसान सम्मान सम्मेलन का शुभारंभ किया गया।
इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि उपायुक्त लोकेश मिश्रा, जिला परिषद, खूंटी के अध्यक्ष मसीह गुड़िया, अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी सहित अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
मेले में जिले के किसानों को कृषि की उच्च तकनीक की जानकारी दी जा रही है। जिले के विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाये गये थे, जहां कृषकों को सरकार की ओर से संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही योजनाओं के प्रति जागरुक होकर लाभ लेने की अपील की जा रही है। मेला में कृषि उत्पाद और कृषि के विविध संयत्रों की प्रदर्शनी लगाई गई है।
मौके पर उपायुक्त ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से किसानों के आय को सुदृढ़ करने के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित है। जिला प्रशासन किसानों को सशक्त करने की दिशा में कृतसंकल्पित है। उन्होंने कहा कि किसान उन्नत तकनीक से खेती कर अपनी आर्थिक स्थिति को कैसे सुदृढ़ करें, इस दिशा में जिला प्रशासन की टीम लगातर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तम तकनीक अपना कर किसान अपनी आमदनी बढ़ायें।
उन्होंने किसानों से अपील की कि अपने विकास के लिए सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक होकर योजनाओं से लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि जिले के किसान वर्तमान में साल में दो ही फसल की खेती कर पाते हैं। जिला के किसान साल में खेती से तीन फसलों को कैसे प्राप्त करें, जिला प्रशासन इस दिशा में प्रयासरत है ताकि अवैध फसल की खेती से लोगों का मोह भंग हो। उपायुक्त ने लोगों से अवैध अफीम खेती को त्याग कर बागवानी, पशुपालन, कुक्कुट पालन, मधुमक्खी पालन आदि को अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले में स्ट्रॉबेरी, ड्रैगन फ्रूट, तरबूज व मशरूम की खेती में बढ़ोतरी हुई है। जिले में 60 मेट्रिक टन क्षमता वाली कटहल प्रसंस्करण यूनिट संचालित है।
जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया ने कहा कि जानकारी के अभाव में लोग सरकार की ओर से सचालित जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं प्राप्त कर पाते है। उन्होंने विभिन्न योजनाओं की चर्चा करते हुए लोगों से जागरुक होकर लाभ उठाने की अपील की।
—————