शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में मुखियाओं की भागीदारी जरूरी: उपायुक्त

Share

शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में मुखियाओं की भागीदारी जरूरी: उपायुक्त

खूंटी, 17 फ़रवरी (हि.स.)। झारखंड शिक्षा परियोजना, खूंटी के तत्वावधान में सोमवार को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय, खूंटी के सभागार में जिलास्तरीय मुखिया सम्मेलन 2025 का आयोजन किया गया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देना और समाज में शिक्षा के स्तर को सशक्त बनाने को लेकर चर्चा करना था। सम्मेलन का शुभारंभ उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने उपस्थित जन प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। जिला शिक्षा अधीक्षक अभय कुमार शील ने पौधा भेंट कर उपायुक्त समेत जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया, जिला परिषद उपाध्यक्ष मंजू देवी, उपाध्यक्ष, जिला मुखिया संघ लक्ष्मण टूटी और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर सम्मेलन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए पंचायत स्तर पर मुखिया समेत सभी स्थानीय जन प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सुदृढ़ करने में पंचायतों के मुखिया की जिम्मेदारी अत्यधिक महत्वपूर्ण है। यह केवल जिला या प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों से संभव नहीं है। हमे समन्वय बनाकर पंचायत स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर देते हुए कार्य करने की आवश्यकता है। पंचायत के मुखिया विद्यालयों के सही संचालन पर विशेष निगरानी रखे, वह प्रखंड स्तर पर आयोजित विद्यालय प्रबंधन समिति के बैठक में भी भाग लें। पंचायत स्तर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्रा प्रखंड अंतर्गत लोधम पंचायत की मुखिया मंजुला उरांव, तोरपा प्रखंड की डोड़मा पंचायत की मुखिया अगाथा भेंगरा समेत अन्य मुखिया को मंच पर आमंत्रित कार्य की सराहना करते हुए उपायुक्त द्वारा पुरस्कृत किया गया। मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी आपरूपा चौधरी समेत के अलावा सभी पंचायत के मुखिया आदि उपस्थित थे।

—————