हरियाणा के रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को सशक्त बनाने काे केंद्र सरकार ने दी 3416 करोड़ रुपये की मंजूरी
फतेहाबाद, 4 फरवरी (हि.स.)। हरियाणा राज्य में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास को गति देने के लिए केंद्र सरकार द्वारा 3416 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस महत्वपूर्ण घोषणा के लिए राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है। बराला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी दिशा में हरियाणा में रेलवे नेटवर्क को सशक्त करने के लिए यह बड़ी राशि मंजूर की गई है। उन्होंने कहा कि यह वित्तीय स्वीकृति राज्य में रेलवे कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के साथ-साथ आर्थिक एवं औद्योगिक विकास को भी गति प्रदान करेगी। बराला मंगलवार काे जारी बयान में कहा कि इस बजट के तहत हरियाणा में कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को बल मिलेगा, जिसमें नई रेलवे लाइनों का निर्माण, रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण, विद्युतीकरण, दोहरीकरण, तथा यात्रियों की सुविधा हेतु संरचनात्मक सुधार शामिल हैं। राज्यसभा सांसद ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 के लिए देश के आम बजट में हरियाणा रेलवे परियोजनाओं के लिए 3416 करोड़ रुपए की धनराशि आवंटित हुई है जोकि वर्ष 2009 से 2014 तक मिले 315 करोड़ रुपए से 11 गुना अधिक है। इस धनराशि से प्रदेश में रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को बूस्ट मिलेगा। वर्ष 2014 से अब तक हरियाणा में 823 किमी रेलवे ट्रैक बिछाए गए जोकि संयुक्त अरब अमीरात के समस्त रेल नेटवर्क के समान है। सांसद सुभाष बराला ने बताया कि हरियाणा के 34 रेलवे स्टेशनों को 1149 करोड़ रुपए की राशि से अमृत स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में वर्तमान में 14 नए रेलवे ट्रैक पर काम जारी है। नए 1195 किमी ट्रैक बिछाने 15,875 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इनमें हिसार से सिरसा वाया अग्रोहा-फतेहाबाद रेलवे परियोजना भी शामिल है। सुभाष बराला ने कहा कि इस निर्णय से हरियाणा के यात्रियों को सुगम एवं आधुनिक रेल सेवाओं की सुविधा मिलेगी, जिससे न केवल आमजन को लाभ पहुंचेगा बल्कि राज्य के व्यापार, उद्योग और कृषि क्षेत्र को भी मजबूती मिलेगी।