श्रद्धा और उत्साह के साथ की गई माता हंस वाहिनी की पूजा
खूंटी, 3 फ़रवरी (हि.स.)। विद्या की देवी माता सरस्वती की पूजा-अर्चना सोमवार को पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ की गई। वसंतपंमी को लेकर बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चों ने छोटे-छोटे लेकिन आकर्षक पंडाल का निर्माण कर माता हंस वाहिनी की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की और माता सरस्वती से विद्या-बुद्धि का वरदान मांगा। जिला मुख्यालय में दर्जनों छोटे-बड़े पंडालों का निर्माण कर माता की आराधना की गई। विभिन्न स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों में माता सरस्वती की प्रतिमा स्थापित की भक्तिभाव से पूजा-अर्चना की गई और भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। जिला मुख्यालय के अलावा तोरपा, कर्रा, रनिया, अड़की और मुरहू प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में भी वसंत पंचमी का उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। वसंत पंचमी के मौके पर कई जगहों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
—————