विकसित भारत के निर्माण का संकल्प है यह बजट : डॉ नीरा
कोडरमा, 2 फ़रवरी (हि.स.)। स्थानीय विधायक और राज्य की पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ नीरा यादव ने कहा है कि संसद में शनिवार को प्रस्तुत आम बजट में विकास की झलक है तो वहीं विश्वास के साथ विकसित भारत के निर्माण का संकल्प है।
विधायक डॉ नीरा यादव न काे कहा कि यह बजट देश के 140 करोड़ भारतीयों के लिए अभूतपूर्व और आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण का बजट है। इसमें कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देते हुए इन क्षेत्रों के लिए अनेक महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को किसानों और ग्रामीणों की ओर से धन्यवाद दिया।
रविवार को झुमरीतिलैया स्थित शिव वाटिका में आयोजित प्रेस वार्ता में विधायक डॉ नीरा यादव ने जोर देते हुए कहा कि यह सम्पन्न, समृद्व, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण का बजट है। इस बजट में समाज के हर वर्ग के कल्याण का ध्यान रखा गया है और इसमें हर क्षेत्र को कवर किया गया है।
उन्होंने कहा कि इस बजट में ग्रामीण विकास के लिए 1 लाख 88 हजार 754 करोड़ 53 लाख रुपए वर्ष 2025.26 के लिए अब तक का सर्वाधिक आवंटन है। इससे पहले 1 लाख 77 हजार करोड़ रूपये का बजट आंवटित हुआ था। मनरेगा के लिए 86 हजार करोड़ रूपये का प्रावधान हुआ है जो कि ग्रामीण मजदूरों को रोजगार देने का सबसे बड़ा साधन है।
गरीबों के पक्के घर बनाने के लिए इस साल बजट में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लिए 54 हजार 832 करोड़ रुपए देने का प्रावधान किया गया है जो कि अब तक का सर्वाधिक आवंटन है। उन्होंने कहा कि आवास के अतिरिक्त ग्रामीण गरीबी दूर करने के लिए सबसे सशक्त माध्यम महिला सशक्तिकरण है।
तीन करोड़ लखपति दीदी में से एक करोड़ 15 लाख से ज़्यादा दीदीयां लखपति दीदी बन चुकी हैं। बजट में 19 हजार 5 करोड़ रूपये देने का प्रावधान किया गया है जो कि अब तक का सर्वाधिक आवंटन है।
किसानों के कल्याण और खेती के विकास पर बजट में सर्वाधिक ध्यान दिया गया है। किसान क्रेडिट कार्ड के अंतर्गत ऋण की सीमा को 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रूपए किया गया है। उन्होंने मखाना के उत्पादन को बढ़ाने के लिए बिहार में मखाना बोर्ड का गठन करने के निर्णय का स्वागत किया। विधायक ने कहा कि केंद्रीय बजट ने पर्यटन को रोजगार प्रेरित विकास के रूप में स्थापित किया है। होमस्टे के लिए मुद्रा लोन, यात्रा सुगमता में सुधार और पर्यटन स्थलों तक संपर्क, ई-वीजा सुविधा में सरलीकरण और राज्यों को प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन जैसे उपाय भी किए गए हैं। इसका लाभ झारखंड जैसे राज्यों को भी मिलेगा।
उन्हाेंने राज्यों के सहयोग से देश में 50 पर्यटन स्थल विकसित किए जाएंगे। आध्यात्मिक और धार्मिक महत्वों के स्थलों एवं भगवान बुद्ध के जीवन काल से जुड़े स्थलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वहीं भारतीय डाक को एक विशाल सार्वजनिक लॉजिस्टिक्स संगठन के रूप में बदला जाएगा। मेक इन इंडिया’ को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से लघु, मध्यम और बड़े उद्योगों को शामिल करते हुए राष्ट्रीय विनिर्माण मिशन की स्थापना की जाएगी। फुटवियर और लेदर क्षेत्रों के लिए फोकस उत्पाद स्कीम 22 लाख लोगों के लिए रोजगार के अवसरों का सृजन करेगी। यह बजट ग्रामीण और शहरी भारत की तस्वीर के साथ ही युवाओं, महिलाओं और किसानों की तकदीर भी बदलेगा।
प्रेस वार्ता में विधायक डॉ नीरा यादव के अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष अनूप जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष बीरेंद्र सिंह, नितेश चंद्रवंशी, महामंत्री विजय यादव, शिवेंद्र नारायण सिन्हा, देवनारायण मोदी, दिनेश सिंह, सुदर्शन यादव, चंद्रशेखर जोशी समेत अन्य लोग मौजूद थे।
—————