यातायात नियमों के पालन में आम लोगों की भागीदारी महत्वपूर्ण: रविन्द्र तिवारी
हजारीबाग, 29 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा परिषद, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के सदस्य रविंद्र तिवारी ने बुधवार को परिसदन भवन हज़ारीबाग में पत्रकारों से मुखातिब हुए।
इस दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी बैद्यनाथ कामती और सड़क सुरक्षा प्रबंधक संतोष कुमार सहित अन्य कर्मी भी मौजूद थे।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा परिषद के सदस्य तिवारी ने प्रेस से बातचीत के दौरान कहा कि पिछले एक माह से परिवहन विभाग के जरिये जिले के विभिन्न जगहों में सड़क सुरक्षा माह के तहत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने सड़क सुरक्षा से संबंधित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चाएं की और सभी लोगों से यातायात के नियमों का पालन करने की भी बात कही और सड़क सुरक्षा के कई सारे नियमों को भी साझा किया ।
उन्होंने सड़क सुरक्षा माह को लेकर बताया कि सरकार के जरिये जारी पत्र में उल्लेखित सभी कार्यक्रमों को हजारीबाग जिले में भी करवाया गया है। जिसमें जागरूकता रथ आदि को रवाना करके विभिन्न जगहों में जाकर लोगों को जागरूक करने का काम किया गया है। अभी भी जिला परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस के संयुक्त तत्वाधान में कई कार्यक्रमों को कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा माह मनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों को अधिक से अधिक सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। वहीं उन्होंने लोगों से अपील किया कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का भरपूर पालन किया जाए। इस पर पत्रकारों ने उनसे सवाल करते हुए कहा कि हजारीबाग यातायात पुलिस की कार्यशैली लोगों के प्रति ठीक नहीं है। कई बार वाहन जांच के दौरान उनसे गलत ढंग से बात करते हैं। यदि वाहन चालक गलत करते हैं तो पहले उन्हें समझाएं बाद में उनकी फाइन काटे। इतना ही नहीं शहर में जाम की समस्या पर भी सवाल किए गए।
—————