विद्यार्थियों को दी पॉक्सो एक्ट की जानकारी
जोधपुर, 29 जनवरी (हि.स.)। नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जोधपुर विधिक सहायता एवं जागरुकता समिति ने विश्वास लोक सेवा संस्था के सहयोग से केन्द्रीय विद्यालय बीएसएफ में यौन अपराधों से संरक्षण पोक्सो अधिनियम पर एक जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को उनके अधिकारों के बारे में शिक्षित और सशक्त बनाना था। इसमें बच्चों को पोक्सो एक्ट का उद्देश्य, इसकी प्रमुख परिभाषाएं और प्रावधान सरल भाषा में समझाए गए। उन्हें बताया गया कि यह अधिनियम 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को यौन शोषण से बचाने के लिए बनाया गया है। वास्तविक जीवन के उदाहरणों के माध्यम से बच्चों को यह समझाने का प्रयास किया गया कि ये प्रावधान उनके जीवन में कैसे लागू हो सकते हैं। कार्यक्रम में बच्चों को प्रश्न पूछने और चर्चा में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया, जिसमें उन्होंने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। पीएलवी भजनलाल विश्नोई ने बताया कि कार्यक्रम का संचालन विधिक सहायता एवं जागरूकता समिति के सदस्यों द्वारा किया गया, जिसकी अध्यक्षता डॉ. अंजलि थानवी ने की।