सुलतानपुर में बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या

Share

सुलतानपुर, 10 मई । उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के धम्मौर थाना क्षेत्र स्थित लंगड़ी गांव में शनिवार देर रात एक बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। महिला का शव खून से लथपथ हालत में घर के अंदर मिला। सूचना पाकर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने रविवार को बताया कि मृतका की पहचान चंद्रशेखर की पत्नी विमलेश सिंह (65) के रूप में हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि काफी दिनाें से बीमार हाेने के कारण चंद्रशेखर अपने दाेनाें बेटाें के यहां पंजाब गये थे। घर पर विमलेश अकेले रहती थी। शनिवार रात करीब नौ बजे हालचाल लेने के लिए जब परिजनों ने उन्हें फोन किया तो काफी देर तक कॉल रिसीव नहीं हुआ। अनहोनी की आशंका पर परिवार ने पड़ोसियों को सूचना दी। पड़ाेसी जब घर पहुंचे ताे देखा कि खून से सना हुआ विमलेश का शव पड़ा हुआ था।घटना की जानकारी पर पुलिस और फील्ड यूनिट ने जांच कर शव काे कब्जे में ले लिया।घटना की जानकारी पर परिवार के लाेग पंजाब से रवाना हाे गये।

एसपी का कहना है कि सूचनाकर्ता और प्रथमदर्शियों ने बताया कि घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था। अंदर देखने पर मृतका विमलेश देवी घर में घुसते ही पहले कमरे में मृत पाई गईं। उनके शरीर, विशेषकर गले पर, धारदार हथियार से चोट के निशान थे। घर का सारा सामान व्यवस्थित पाया गया। मृतका के सगे भाई, बहनें और भाभी भी घटनास्थल पर मौजूद थे, लेकिन वे भी मृत्यु का कोई स्पष्ट कारण या रंजिश नहीं बता पाए।

प्रथम दृष्टया मृत्यु का कारण यही चोट प्रतीत हो रहा है।

पुलिस ने प्रारंभिक सूचना के आधार पर मृतका के शव को पंचायतनामा के लिए माेर्चुरी भिजवाया है। घटना के अनावरण के लिए एसओजी, सर्विलांस और थाने की पांच टीमें गठित की गई हैं। पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया है कि घटना का शीघ्र खुलासा किया जाएगा।