महिला पर नाबालिग लड़के के साथ अनाचार का आरोप, जेल भेजी गई

Share

कवर्धा/रायपुर, 03 अप्रैल । कबीरधाम जिले (कवर्धा) में एक चौंकाने वाले मामले में एक महिला ने नाबालिग बालक के साथ अनाचार किया है। पुलिस ने आरोपित महिला के खिलाफ पॉस्को एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आज उसे गिरफ्तार कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

सिटी कोतवाली कबीरधाम क्षेत्र की पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आरोपित महिला (27 वर्ष) ने पीड़ित नाबालिग लड़के को 1 अप्रैल 2026 को भोरमदेव रोड स्थित एक होटल में बुलाया था, जहाँ उसने लड़के के साथ दुर्व्यवहार किया। पीड़ित द्वारा हिम्मत जुटाकर रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद, पुलिस ने आरोपित महिला को तीन अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया । पुलिस ने आरोपित महिला के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा 04 के तहत मामला दर्ज किया है ।

पीड़ित की शिकायत के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से एक महिला से उसका परिचय हुआ, जिसके पश्चात बातचीत एवं मुलाकात का क्रम प्रारंभ हुआ एवं दोस्ती हुई। एक अप्रैल 2026 को आरोपित महिला ने नाबालिग को भोरमदेव रोड स्थित भुनेश्वर होटल बुलाया, जहां उसे भावनात्मक दबाव एवं मानसिक प्रलोभन देकर उसके साथ अनाचार की घटना को अंजाम दिया गया। घटना के पश्चात आरोपित ने पीड़ित को डराया-धमकाया, जिससे वह मानसिक दबाव में आ गया और तत्काल शिकायत दर्ज नहीं करा सका।

बाद में हिम्मत जुटाकर पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। कबीरधाम की कोतवाली पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू की। प्रकरण में पोक्सो अधिनियम के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।