नूंह, 03 अप्रैल । नूंह जिले में अचानक बदले मौसम ने लोगों को चौंका दिया। तेज हवा और बारिश के साथ कुछ समय के लिए ओले भी गिरे, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि ओलावृष्टि ज्यादा देर तक नहीं हुई, वरना नुकसान और अधिक हो सकता था।
मौसम विभाग द्वारा पहले ही तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी की गई थी। उसी के तहत जिले में मौसम ने करवट ली और गरज के साथ हल्की बारिश व ओलावृष्टि देखने को मिली। इस बदलते मौसम का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है, जिनकी फसलें इस समय खेतों में पककर तैयार खड़ी हैं।
किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में इसी तरह मौसम खराब रहा और ओलावृष्टि दोबारा हुई, तो उनकी मेहनत पर पानी फिर सकता है। खासकर गेहूं और सरसों जैसी फसलें इस समय कटाई के करीब हैं, जिन्हें ओलों से भारी नुकसान हो सकता है।
प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं किसान भी आसमान की ओर नजरें टिकाए हुए हैं, ताकि मौसम सामान्य बना रहे और उनकी फसल सुरक्षित रह सके।