प्रयागराज, 12 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में मांडा थाना क्षेत्र स्थित बबुरा गांव में रविवार को एक वृद्ध महिला का शव घर के बाहर बिस्तर पर पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस कहना है कि परिवार के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। परिवार का यह भी कहना है महिला के जेवर भी गायब हैं। परिवार से तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी गई है। महिला की मौत का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि, मांडा थाना क्षेत्र के बबुरा (बरहाकला) गांव निवासी कस्तूरा देवी (62) शनिवार रात घर के बाहर सो रही थीं । परिवार के लोगों ने रविवार को सूचना दिया कि घर के बाहर सो रही महिला की हत्या कर दी गई है। उनके गहने भी गायब हैं। परिवार के लोगों ने बताया कि पति की करीब 10 माह पहले बीमारी से मौत हो जाने के बाद से कस्तूरा देवी अपनी 16 वर्षीय नातिन राधा के साथ रहती थीं। घटना के समय नातिन घर के अंदर और वृद्धा घर के बाहर सो रही थीं। सूचना पर दिघिया चौकी प्रभारी विक्की गुप्ता और उपनिरीक्षक अबू तालिब जैदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
पुलिस उपायुक्त यमुना नगर ने बताया कि वृद्ध महिला की हत्या के मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है, जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।