मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्कूल चलो अभियान 2026 का किया शुभारंभ, शैक्षणिक सामग्री बांटी

Share

योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को स्कूल चलो अभियान 2026 का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शैक्षिक नवाचार एवं उपलब्धियों की पुस्तिका का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित ना रह जाए, इसके लिए स्कूल चलो अभियान चलाया जा रहा है। यह सरकारी कार्यक्रम के साथ ही प्रदेश के भविष्य को संवारने का संकल्प है। शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों को प्रेरित करें और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित कराएं। इस अभियान का प्रथम चरण एक अप्रैल से 15 अप्रैल तक संचालित होगा, जबकि दूसरा चरण एक जुलाई से 15 जुलाई तक आयोजित होगा। यह अभियान 6 से 14 वर्ष की आयु के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने और उनके भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश निपुण भारत अभियान के तहत पहले स्थान पर है और बालिकाओं की शिक्षा को मजबूत करने के लिए 746 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों को कक्षा 8 से 12 तक उन्नत किया जा रहा है और शेष ब्लॉकों में नए विद्यालय स्थापित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम के मंच पर विभिन्न कंपोजिट विद्यालयों के कक्षा एक के छात्र विकास और अंशिका गुप्ता, कक्षा दो की छात्रा श्रेया सोनकर, कक्षा तीन की छात्रा कजरी, कक्षा चार की छात्रा दीपशिखा, कक्षा पांच की छात्रा रोली सोनकर, कक्षा छह की छात्राएं श्रेया यादव और कली केशरी, कक्षा सात की छात्रा रुचि यादव और कक्षा आठ की छात्रा साक्षी गुप्ता को पाठ्य पुस्तकों और शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया।

मुख्यमंत्री ने जनपद के पांच “निपुण विद्यालयों” के प्रधानाध्यापकों (प्राथमिक विद्यालय नयापुर, प्राथमिक विद्यालय सगुनाहा, प्राथमिक विद्यालय फरीदपुर, कंपोजिट विद्यालय भसार और कंपोजिट विद्यालय महमूरगंज) को प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने पांच “निपुण विद्यार्थियों” अभय कुमार पटेल, जानवी, श्रेयांश, नैंसी और सरस्वती को भी प्रमाण पत्र प्रदान किए।

इस आयोजन में प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह, मंत्री अनिल राजभर, स्कूल शिक्षा की महानिदेशक मोनिका रानी, मंत्री रविन्द्र जायसवाल, महापौर अशोक तिवारी, विधायक अवधेश सिंह, विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, विभागीय अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।