देहरादून, 05 अप्रैल । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने खनन क्षेत्र से राजस्व में लगातार हो रही वृद्धि को भाजपा ने राज्य सरकार की पारदर्शी नीतियों का परिणाम बताया है।
उन्होंने रविवार को जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में खनन क्षेत्र को माफियाओं के प्रभाव से मुक्त कर राज्य की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बनाया गया है। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में खनन विभाग ने 950 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 1217 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इससे पूर्व वर्ष 2024-25 में 875 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 1041 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई थी। भट्ट के अनुसार वर्ष 2012-13 में 110 करोड़ रुपये से शुरू हुआ खनन राजस्व अब बढ़कर 1217 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
भट्ट ने बताया कि खनन नीति में किए गए सुधारों और नियमों के सरलीकरण से वैध खनन को बढ़ावा मिला है, जबकि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। पारदर्शी प्रक्रिया के तहत खनन पट्टों के आवंटन और तकनीकी उपायों के उपयोग से राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि ई-रवन्ना प्रणाली में सुरक्षा फीचर युक्त कागज लागू किए जाने से फर्जीवाड़े पर अंकुश लगा है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हुई है।
भट्ट ने कहा कि पारदर्शिता, तकनीकी सशक्तिकरण और सख्त प्रवर्तन के समन्वय से राज्य का खनन क्षेत्र नई दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिससे अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।