देहरादून, 01 अप्रैल । ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत दून पुलिस बुधवार काे बिहार के कुख्यात कल्लू गैंग से जुड़े और एक लाख रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार राजा साहनी पुत्र महेश साहनी बेगूसराय (बिहार) का है और लगभग छह माह पूर्व कटक स्थित जिला कारागार से फरार हो गया था। उसके विरुद्ध ओडिशा पुलिस की ओर से एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
जानकारी के मुताबिक ओडिशा पुलिस टीम ने कोतवाली ऋषिकेश पहुंचकर सूचना दी थी कि उक्त आराेपित त्रिवेणी घाट क्षेत्र में देखा गया है। इस सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून परमेन्द्र सिंह डोभाल के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमें गठित कर तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी माध्यमों से संदिग्ध वाहन की पहचान करते हुए ऋषिकेश एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। तत्पश्चात नटराज चौक से टिहरी मार्ग पर सुमन पार्क के पास घेराबंदी कर संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार से राजा साहनी काे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार,आराेपित के खिलाफ ओडिशा के थाना चौदवार, जनपद कटक में और थाना पानीकोईली, जिला जाजपुर में भी गंभीर धाराओं में अभियोग दर्ज हैं। प्रारंभिक पूछताछ में अन्य राज्यों में भी उसके खिलाफ आपराधिक मामलों के संकेत मिले हैं, जिनकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपित से विस्तृत पूछताछ जारी है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।