कटिहार में दर्दनाक हादसा, ट्रक की टक्कर से तीन युवकों की मौत

Share

कटिहार, 08 अप्रैल । जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत रोजीतपुर बाईपास के समीप मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां गलत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक आपस में चचेरे भाई थे और एक ही परिवार के थे।

मृतकों की पहचान नितेश कुमार उरांव, राजीव कुमार और राहुल के रूप में हुई है, जो मनिहारी थाना क्षेत्र के महियारपुर गांव के रहने वाले थे। ट्रक भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) का था और गलत दिशा से आ रहा था। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

परिजनों ने बताया कि राहुल घटना वाले दिन ही गुजरात से घर लौटा था और अपने दोनों भाइयों को कटिहार स्टेशन छोड़ने जा रहा था, जहां से वे मजदूरी के लिए बाहर जाने वाले थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क जाम कर हंगामा किया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

सदर डीएसपी अभिजीत कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रक के गलत दिशा से आने की बात सामने आई है। टक्कर के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।